देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने रविवार, 16 अगस्त को देहरादून समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार आज देहरादून, चंपावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की भी आशंका जताई गई है।वहीं, उत्तराखंड के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश को लेकर लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर न जाने की अपील की गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम के सक्रिय रहने के आसार हैं।

📍 मुख्य अलर्ट: देहरादून, चंपावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में आज भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना।

महावीर प्रसाद सेमवाल (देहरादून )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *