देहरादून, 29 अगस्त 2026। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। 29 और 30 अगस्त को भारी बारिश, जबकि 31 अगस्त और 1 सितंबर को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद 2 और 3 सितंबर को भी कई जगहों पर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
31 अगस्त और 1 सितंबर को सबसे ज्यादा अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 31 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में भी भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट है।
1 सितंबर को देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और हरिद्वार में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
भूस्खलन और जलभराव का खतरा, सावधानी की अपील
लगातार बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, मलबा आने और सड़कें बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है। वहीं नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली और गरज-चमक को देखते हुए भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 2 सितंबर के बाद भी बारिश का दौर पूरी तरह खत्म नहीं होगा और 3-4 सितंबर को भी राज्य में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति और स्थानीय प्रशासन की सलाह को ध्यान में रखने की अपील की गई है।

