चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार को एक बार फिर भूस्खलन की घटना सामने आई। ज्योतिर्मठ विकासखंड के पंचम केदार कल्पेश्वर मंदिर के ऊपर सोमवार देर रात भारी भूस्खलन हुआ। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और पत्थर मंदिर परिसर की ओर आ गए, जिससे परिसर और आसपास के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचा है।
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी का एक हिस्सा खिसकने से मलबा मंदिर परिसर में पहुंचा। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मलबा हटाने का काम शुरू किया।
मंदिर परिसर के आसपास नुकसान
भूस्खलन के कारण मंदिर परिसर के आसपास बने कुछ कमरे और टिनशेड क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। बड़ी मात्रा में मलबा परिसर में जमा हो गया है। हालांकि मुख्य मंदिर संरचना को कितना नुकसान हुआ है, इसकी पूरी जानकारी प्रशासन की टीम के निरीक्षण के बाद ही स्पष्ट होगी।
जनहानि की सूचना नहीं
राहत की बात यह है कि अब तक इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में आगे भी भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
प्रशासन ने भेजी टीम
घटना की सूचना तहसील प्रशासन को दे दी गई है। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार के अनुसार प्रशासनिक टीम को मौके पर भेजा जा रहा है, जो घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करेगी और आवश्यकता के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन और स्थानीय लोगों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
ऋषभ सकलानी

