रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। चीरबासा के पास पहाड़ी से अचानक बोल्डर गिरने की चपेट में आने से दिल्ली की 25 वर्षीय महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई। हादसे में कर्नाटक का एक अन्य यात्री घायल हुआ है। जानकारी के अनुसार श्रद्धालु गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान गौरीकुंड से करीब चार किलोमीटर दूर चीरबासा के पास पहाड़ी से अचानक पत्थर और बोल्डर गिरने लगे। इसकी चपेट में आने से दिल्ली निवासी अंजली पत्नी सचिन गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौत हो गई। वहीं कर्नाटक निवासी 34 वर्षीय शिदप्पा घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए गौरीकुंड चिकित्सालय ले जाया गया।
तेज बारिश के चलते दो घंटे रोकी गई यात्रा
केदारनाथ धाम और पैदल यात्रा मार्ग पर मंगलवार को तेज बारिश के कारण प्रशासन ने एहतियातन यात्रा रोक दी। सुबह करीब 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सोनप्रयाग में 400 से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया। मौसम में सुधार के बाद करीब 12:30 बजे यात्रा दोबारा शुरू कर दी गई और श्रद्धालुओं को केदारनाथ धाम की ओर रवाना किया गया। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और बोल्डर गिरने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें यात्रा मार्ग की स्थिति पर नजर रख रही हैं।
स्रोत: जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी/स्थानीय प्रशासन की जानकारी के आधार पर।
