उत्तराखंड के चमोली जिले के पिपलकोटी क्षेत्र में स्थित THDC की विष्णुगाड़-पिपलकोटी जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में गुरुवार (13 अगस्त) को हुए हादसे में 7 मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के बाद से राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।प्रशासन के अनुसार, सुरंग में अचानक भारी मात्रा में पानी और मलबा घुसने से मजदूर फंस गए थे। हादसे के समय कुल 22 मजदूर सुरंग के भीतर मौजूद थे। अब तक 14 मजदूर घायल बताए गए हैं, जबकि एक मजदूर की तलाश जारी है।घायलों को गोपेश्वर जिला अस्पताल और श्रीनगर बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। SDRF, NDRF, ITBP और अन्य एजेंसियों की टीमें मौके पर रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को पिपलकोटी पहुंचे और घटनास्थल पर चल रहे बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता फंसे हुए मजदूरों को सुरक्षित निकालना और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए।परियोजना अधिकारियों के अनुसार, सुरंग में अचानक पानी और मलबा आने के कारण यह दुर्घटना हुई। क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश को भी हादसे की एक संभावित वजह माना जा रहा है।
ऋषभ सकलानी
